Sonam Wangchuk Protest Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 दिन से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई। उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
वांगचुक को अस्पताल ले जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने लगाए गंभीर आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें जबरन अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उनके साथ भी मारपीट की। साथ ही उन्होंने आज से खुद अनशन शुरू करने की बात कही।
21 दिन से जारी है अनशन
सोनम वांगचुक पेपर लीक मामले की जांच और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं।
लगातार भूख हड़ताल के कारण उनकी तबीयत खराब हो रही थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनका वजन 9.5 किलो से ज्यादा कम हो गया है।
हाईकोर्ट ने दिए थे मेडिकल चेकअप के निर्देश
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश दिए थे कि सोनम वांगचुक की नियमित मेडिकल जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें इलाज उपलब्ध कराया जाए।
अब वांगचुक के अस्पताल पहुंचने के बाद प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है। वहीं पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।