
RPSC JLO Exam 2026: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से कनिष्ठ विधि अधिकारी (JLO) भर्ती-2025 परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जयपुर विकास प्राधिकरण में 12 पदों के लिए होने वाली यह परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2026 को जयपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित होगी।
परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।
23 जुलाई को जारी होंगे एडमिट कार्ड
RPSC की ओर से परीक्षा के एडमिट कार्ड 23 जुलाई 2026 को आयोग की वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आवेदन क्रमांक और जन्म तिथि दर्ज कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा एसएसओ पोर्टल के सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा।
OMR में पांचवें विकल्प के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय
आयोग ने बताया कि प्रत्येक प्रश्नपत्र में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले पहुंचना जरूरी
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी।
आयोग ने सलाह दी है कि सुरक्षा जांच और पहचान प्रक्रिया को देखते हुए अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र पर पहुंचें।
फोटो वाला पहचान पत्र जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) साथ लाना होगा। अगर आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे फोटो युक्त पहचान पत्र लाने होंगे।
इसके साथ एडमिट कार्ड पर नवीनतम रंगीन फोटो लगाना अनिवार्य होगा।
दलालों से सावधान रहने की अपील
RPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा में पास कराने के नाम पर किसी भी दलाल या मीडिएटर के झांसे में न आएं। रिश्वत या प्रलोभन देने वाले व्यक्ति की सूचना आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 और 2635255 पर दी जा सकती है।
अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले जांच लें
आयोग ने अभ्यर्थियों को गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहने की सलाह दी है। तकनीकी कारणों से कुछ केंद्रों की लोकेशन गलत दिख सकती है। इसलिए परीक्षा से पहले ई-प्रवेश पत्र में दिए गए पते की पुष्टि कर लें।
