Sikkim Tunnel Accident: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग पर हुए लैंडस्लाइड ने बड़ा हादसा कर दिया है। मामरिंग स्थित समरदुंग सुरंग का एंट्री गेट मलबे से बंद हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे 27 मजदूर फंस गए।
हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 मजदूर अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक, फंसे मजदूरों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
मीथेन गैस लीक की आशंका से रेस्क्यू में मुश्किल
सुरंग के अंदर मीथेन गैस लीक होने की आशंका जताई जा रही है। गैस, कम जगह और अंधेरे के कारण राहत-बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
रेस्क्यू के लिए अंदर गए कुछ बचावकर्मियों को चक्कर आए और कुछ बेहोश भी हो गए। इसके बाद गैस सुरक्षा उपकरणों के साथ बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
NDRF-SDRF और स्पेशल टीम मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF, SDRF, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और NHPC के 6 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है।
पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों के साथ एक विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है। एंबुलेंस को तैयार रखा गया है और बचाव दल मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
तीस्ता स्टेज-6 प्रोजेक्ट के लिए बन रही थी सुरंग
यह निर्माणाधीन टनल तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के लिए पटेल इंजीनियरिंग कंपनी द्वारा बनाई जा रही थी।
फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है।