Home आज की ख़ास ख़बर राजस्थान में थम गई बारिश, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान; मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

राजस्थान में थम गई बारिश, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान; मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

0
राजस्थान में थम गई बारिश, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान; मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट
राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। बारिश थमने के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजस्थान में जुलाई के पहले सप्ताह में हुई जोरदार बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिलहाल थम गई हैं, जिससे लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश इलाकों में मानसून कमजोर बना रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में केवल हल्की बारिश दर्ज की गई। बूंदी जिले के तालेड़ा में सबसे अधिक 5 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सिरोही में न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगले एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, एक कमजोर मौसम प्रणाली के प्रभाव से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

जयपुर और शेखावाटी में हल्की बारिश के आसार

पूर्वी राजस्थान में भी अगले पांच से छह दिनों तक अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 15 जुलाई तक हल्की बारिश हो सकती है।

धूलभरी आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरी तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।

बारिश थमने और बढ़ती उमस के कारण लोगों को एक बार फिर गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेंगी, लेकिन जुलाई के दूसरे पखवाड़े में मौसम फिर करवट ले सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here