Home आज की ख़ास ख़बर अमेरिका ने ईरान में 140 ठिकानों पर किए हमले, होर्मुज को लेकर ईरान का बड़ा बयान

अमेरिका ने ईरान में 140 ठिकानों पर किए हमले, होर्मुज को लेकर ईरान का बड़ा बयान

0
अमेरिका ने ईरान में 140 ठिकानों पर किए हमले, होर्मुज को लेकर ईरान का बड़ा बयान
मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने ईरान के 140 सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। वहीं, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को कई परमाणु बमों से भी ज्यादा अहम बताते हुए हर हाल में उसकी रक्षा करने की बात कही है।

मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, इस अभियान के तहत ईरान के 140 ठिकानों को निशाना बनाया गया। हमलों में किश्म, सीरिक, बंदर अब्बास, जास्क, बुशेहर, खोंदाब, बंदर महशहर, बेहबहान, अंदीमेश्क, देजफुल, अहवाज, अबादान और खुर्रमशहर जैसे इलाके शामिल हैं।

अमेरिकी सेना का दावा है कि यह सैन्य कार्रवाई की तीसरी बड़ी कड़ी थी, जिसमें ईरान को भारी नुकसान पहुंचा है। सेंटकॉम के अनुसार, पिछले तीन दिनों में अमेरिका ईरान के 300 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बना चुका है।

इस बीच, ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसिन रेजाई ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट ईरान के लिए कई परमाणु बमों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी कीमत पर होर्मुज की रक्षा करेगा।

पिछले 24 घंटे के बड़े अपडेट्स

ओमान के पास जहाज पर हमला, एक भारतीय लापता

ओमान के पास ‘GFS गैलेक्सी’ नामक जहाज पर हुए हमले में 11 भारतीय सवार थे। इनमें से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए नागरिक जहाजों पर हमले तुरंत रोकने की मांग की है।

अमेरिका का दावा- 300 से ज्यादा ठिकानों पर हमला

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि पिछले तीन दिनों में ईरान के 300 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले किए जा चुके हैं। इन हमलों में मिसाइल ठिकानों, रडार सिस्टम और सैन्य अड्डों को निशाना बनाया गया।

लेबनान में इजराइल की कार्रवाई जारी

इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले के कफर तेबनित इलाके में एक बार फिर गोलीबारी की। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

कुवैत की सीमा चौकियों को नुकसान

कुवैत की सेना ने बताया कि हालिया हमलों के कारण देश के उत्तरी हिस्से में स्थित तीन सीमा चौकियों को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

ईरान के वाटर प्रोजेक्ट पर हमला

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के महशहर शहर में एक जल परियोजना पर प्रोजेक्टाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं।

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच पूरी दुनिया की नजर अब होर्मुज स्ट्रेट और अमेरिका-ईरान के अगले कदम पर टिकी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here