PM मोदी ने राजस्थान को दी ₹1.05 लाख करोड़ की मेगा सौगात, रिफाइनरी से मेट्रो तक विकास की नई रफ्तार
राजस्थान के लिए आज का दिन विकास के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को 1.05 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं में देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2, सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स, रेलवे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन जैसी कई बड़ी योजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से राजस्थान में रोजगार, उद्योग, परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।
देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने बालोतरा के पचपदरा में करीब 79,450 करोड़ रुपये की लागत से बनी देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया।
यह रिफाइनरी भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान में पेट्रोकेमिकल उद्योग, प्लास्टिक पार्क और हजारों रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखी आधारशिला
पीएम मोदी ने 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल शिलान्यास भी किया।
इस परियोजना के तहत प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे। इससे सीतापुरा, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, एसएमएस अस्पताल, टोंक रोड और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख इलाके सीधे जुड़ेंगे।
बीकानेर को मिले दो बड़े सोलर प्रोजेक्ट
राजस्थान को रिन्यूएबल एनर्जी हब बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री ने बीकानेर में दो बड़ी सौर ऊर्जा परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।
- 1000 मेगावाट SJVN सोलर प्रोजेक्ट
- 300 मेगावाट NHPC करणीसर सोलर प्रोजेक्ट
इन परियोजनाओं से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
नई बिजली ट्रांसमिशन लाइन की सौगात
सौर ऊर्जा की निर्बाध आपूर्ति के लिए 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया गया।
इसके साथ ही राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी ज़ोन (REZ) के लिए 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला भी रखी गई।
एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे को मिली नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत की।
साथ ही जोधपुर रिंग रोड (कारवाड़-डांगियावास फेज) के चार लेन हाईवे का भी लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और यातायात में बड़ा सुधार होगा।
रेलवे को भी मिली बड़ी सौगात
राजस्थान में रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ने—
- चूरू–सादुलपुर (58 किमी) रेल लाइन दोहरीकरण
- चूरू–रतनगढ़ (46 किमी) रेल लाइन दोहरीकरण
जैसी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं पर करीब 1,640 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
54 हजार युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए और उन्हें प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।