
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। परीक्षा खत्म होने के बाद अब पेपर लीक को लेकर नए खुलासों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। राजस्थान की जांच एजेंसी SOG को मिले इनपुट्स में दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले छात्रों तक ऐसा “क्वेश्चन बैंक” पहुंचा था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे।
720 में से 600 नंबर के सवाल मैच होने का दावा
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा से पहले सीकर में कुछ छात्रों के बीच एक कथित “गेस पेपर” शेयर किया गया था। जांच में सामने आया कि उस सामग्री में शामिल कई सवाल हूबहू NEET परीक्षा में पूछे गए।
बताया जा रहा है कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल उस दस्तावेज में मौजूद थे। इनमें से लगभग 140 सवाल परीक्षा में मिलते-जुलते पाए गए। चूंकि NEET में हर सवाल 4 नंबर का होता है, इसलिए करीब 600 अंकों के प्रश्न मैच होने की बात चर्चा में है।
सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैला पेपर?
जांच एजेंसियों को शक है कि यह सामग्री कई मैसेजिंग ऐप्स के जरिए बड़ी संख्या में छात्रों तक पहुंचाई गई। कुछ चैट्स में “Forwarded Many Times” जैसे टैग भी मिले हैं, जिससे नेटवर्क के बड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह कथित पेपर पहले केरल में पढ़ाई कर रहे एक छात्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने इसे राजस्थान के सीकर में अपने परिचितों तक भेजा था। इसके बाद यह तेजी से अलग-अलग ग्रुप्स और छात्रों के बीच फैल गया।
SOG हर एंगल से कर रही जांच
राजस्थान SOG अब कॉल रिकॉर्ड, चैट्स और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि यह सिर्फ “गेस पेपर” था या फिर वास्तव में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का हिस्सा लीक हुआ था।
जांच के दायरे में कुछ कोचिंग और पीजी संचालकों के नाम भी सामने आए हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है।
लाखों छात्रों की नजर अब NTA पर
पूरा मामला सामने आने के बाद अब छात्रों और अभिभावकों की नजर National Testing Agency (NTA) के अगले कदम पर टिकी हुई है। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
फिलहाल एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं और संभावित मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
