दुबई: महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में आज भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ पिछले 8 विमेंस टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भी टीम इंडिया को हार नहीं मिली है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 24 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 मैच जीते हैं। बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत को हराया था।
ग्रुप स्टेज में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारत ने ग्रुप-A में अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। भारतीय टीम ने थाईलैंड को 94 रन, हॉन्गकॉन्ग को 137 रन और पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया।
वहीं बांग्लादेश ग्रुप-B में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। टीम ने इंडोनेशिया को 71 रन और UAE को 34 रन से हराया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ उसे 4 विकेट से हार मिली।
स्मृति मंधाना और शेफाली पर नजरें
भारत की ओपनर स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के 3 मैचों में 178.82 की स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए हैं। इसमें हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ खेली गई 124 रन की शतकीय पारी भी शामिल है।
उनकी ओपनिंग पार्टनर शेफाली वर्मा ने भी 3 मैचों में 104 रन बनाए हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में भारतीय टीम को दोनों ओपनर्स से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी।
दीप्ति शर्मा की स्पिन बनेगी चुनौती
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 3 मैचों में 1.90 की इकोनॉमी से 8 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बिना रन दिए 3 विकेट रहा है।
दीप्ति के अलावा नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत ने 5-5 विकेट हासिल किए हैं। दुबई की पिच पर स्पिनर्स को मिल रही मदद को देखते हुए भारतीय गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।
दुबई में स्पिनर्स को मिल रही मदद
एशिया कप के ग्रुप स्टेज में दुबई में अब तक 12 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें सिर्फ भारत ही 150 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल रहा है और टीम ने यह आंकड़ा दो बार पार किया है।
पावरप्ले में रन बनाने के अच्छे मौके मिल रहे हैं, लेकिन डेथ ओवर्स में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल रहा है। गर्मी और उमस के बीच पिच से स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिल रही है।
12 में से 8 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। वहीं 9 मुकाबलों में टॉस जीतने वाले कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
मैच के दौरान गर्मी और उमस
दुबई में मैच के दौरान तापमान करीब 34 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गर्मी और उमस खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, रिचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), दिलारा अक्तर, शरमीन अख्तर, जुएरिएया फेरदौस, शोभना मोस्तारी, शोर्ना अक्तर, राबेया खान, नाहिदा अक्तर, सुल्ताना खातून, मारुफा अक्तर, फहीमा खातून।
सेमीफाइनल में भारतीय टीम की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। वहीं बांग्लादेश मजबूत भारतीय टीम को हराकर टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करना चाहेगा।