पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ गई है। दीपके ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। इसके बावजूद आंदोलन को जारी रखने की बात कही जा रही है।
उधर, संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी और अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर दी। CJP ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई पिछली बैठक के बाद चेतावनी दी थी कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो 20 जुलाई जैसा बड़ा प्रदर्शन फिर किया जाएगा।
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो सरकार के साथ बातचीत का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उनका कहना है कि आंदोलन की मुख्य मांगों पर सरकार को स्पष्ट फैसला लेना होगा।
आज दोपहर 3:30 बजे CJP और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मांगों पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट कर सकती है।
इससे पहले CJP ने दावा किया था कि सरकार ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपए मुआवजा देने और आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई है। हालांकि, इन दावों पर सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।