Nvidia CEO Jacket Auction: अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग की पहचान बन चुकी ब्लैक लेदर जैकेट करीब 9.4 करोड़ रुपए (9.60 लाख डॉलर) में नीलाम हुई है। खास बात यह है कि नीलामी में जैकेट की कीमत अनुमान से करीब 16 गुना ज्यादा रही।
ऑक्शन हाउस सोथबी को उम्मीद थी कि यह जैकेट 40 हजार से 60 हजार डॉलर (करीब 33 से 50 लाख रुपए) में बिकेगी, लेकिन इसकी अंतिम कीमत ने सभी को हैरान कर दिया।
रिसर्च और फेलोशिप पर खर्च होगी पूरी रकम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीलामी से मिलने वाली पूरी राशि टेक और साइंस सेक्टर के युवा इनोवेटर्स की मदद के लिए दान की जाएगी। यह फंड सैन फ्रांसिस्को की वेंचर कैपिटल फर्म ‘लॉन्ग जर्नी वेंचर्स’ की पहल के तहत ‘एज इंस्टीट्यूट’ को दिया जाएगा।
यह संस्था टेक्नोलॉजी, साइंस, संस्कृति और समाज से जुड़े लोगों को नए आइडियाज पर काम करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराती है।
टेक दुनिया में बन चुकी है पहचान
जिस तरह एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स अपने ब्लैक टर्टलनेक और मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग अपनी ग्रे टी-शर्ट और हुडी के लिए जाने जाते हैं, उसी तरह जेन्सन हुआंग की ब्लैक लेदर जैकेट भी उनकी पहचान बन चुकी है।
एनवीडिया के बड़े प्रोडक्ट लॉन्च, डेवलपर कॉन्फ्रेंस और कीनोट इवेंट्स में जेन्सन अक्सर इसी अंदाज में नजर आते हैं।
टॉम फोर्ड ब्रांड की है यह जैकेट
नीलामी में बिकी यह ब्लैक लेदर जैकेट लग्जरी ब्रांड टॉम फोर्ड की है। जेन्सन हुआंग ने इसे 18 अक्टूबर 2023 को ताइपे में आयोजित ‘हॉन हाई टेक डे’ के दौरान पहना था।
ऑक्शन हाउस ने तस्वीरों और जेन्सन के ऑटोग्राफ की जांच के बाद इसकी पुष्टि की है।
16.84 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ
फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार, जेन्सन हुआंग करीब 175 अरब डॉलर (लगभग 16.84 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ दुनिया के सातवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।