राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ में करीब 300 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि बूंदी और कोटा में भी अति भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर और कम दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र भी राजस्थान के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते अगले 48 घंटे में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
झालावाड़ में 300 MM बारिश
झालावाड़ में बारिश ने जोरदार असर दिखाया। जिले में करीब 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने से कई इलाकों में पानी भर गया। वहीं बूंदी और कोटा जिलों में भी अति भारी बारिश हुई।
बारिश के कारण नदियों और नालों में पानी की आवक बढ़ गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
किसानों के चेहरे खिले, नदियां उफान पर
भीलवाड़ा में मंगलवार रात हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश के बाद बनास और बेड़च नदी में पानी की तेज आवक हुई।
पारोली, चैनपुरा और काछोला क्षेत्र में पुलिया के ऊपर करीब ढाई फीट तक पानी बहने लगा। इससे कई जगह आवागमन प्रभावित हुआ।
बेड़च नदी का पानी पुलिया पर आया
कोटड़ी क्षेत्र के सवाईपुर और बड़लियास में तेज बारिश के बाद बेड़च नदी उफान पर आ गई। नदी का पानी पुलिया पर करीब तीन फीट तक पहुंच गया।
पानी भरने के कारण बड़लियास-बरुदनी मार्ग बंद हो गया और कुछ समय के लिए भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ का संपर्क भी प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पुलिया पर जवान तैनात किए।
12 अगस्त को इन संभागों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो जगहों पर अति भारी बारिश की चेतावनी है।
13 अगस्त से बारिश की गतिविधियां घटेंगी
मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त से प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है।
14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश कम होने की संभावना है। 15 अगस्त से उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आ सकती है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जोधपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, अजमेर-ब्यावर, पाली, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और राजसमंद सहित आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।