Home आज की ख़ास ख़बर जयपुर में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, वैश्विक वित्तीय सुधार और डिजिटल करेंसी पर मंथन

जयपुर में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, वैश्विक वित्तीय सुधार और डिजिटल करेंसी पर मंथन

0
जयपुर में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, वैश्विक वित्तीय सुधार और डिजिटल करेंसी पर मंथन
BRICS finance ministers and central bank governors are meeting in Jaipur to discuss global economic challenges, financial stability, local currencies, cross-border payments and digital currencies. Finance Minister Nirmala Sitharaman is also attending the two-day high-level meeting.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज से BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो रही है। बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत BRICS देशों के वित्तीय प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था की चुनौतियों, वित्तीय स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

निर्मला सीतारमण का जयपुर पहुंचने पर स्वागत

बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जयपुर पहुंचीं। जयपुर रेलवे स्टेशन पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उनका स्वागत किया।

बुधवार सुबह बैठक का औपचारिक उद्घाटन सत्र होगा। इसमें निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा संबोधित करेंगे। इसके बाद वित्त मंत्रालयों और केंद्रीय बैंकों से जुड़े साझा मुद्दों पर संयुक्त सत्र आयोजित किया जाएगा।

वैश्विक अर्थव्यवस्था और वित्तीय स्थिरता पर चर्चा

बैठक में BRICS देशों के प्रतिनिधि मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और वित्तीय नीतियों पर अपने विचार रखेंगे। इसके साथ ही वित्तीय स्थिरता, निवेश, विकास वित्त और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों की भूमिका पर भी चर्चा होगी।

विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए पूंजी की उपलब्धता बढ़ाना, निजी निवेश को आकर्षित करना और विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन मजबूत करना भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में सुधार पर जोर

BRICS देश अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार और विकासशील देशों की भूमिका मजबूत करने पर भी चर्चा करेंगे। बैठक में इस बात पर मंथन होगा कि वैश्विक वित्तीय निर्णय लेने की प्रक्रिया में उभरती अर्थव्यवस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्व कैसे दिया जाए।

डिजिटल करेंसी और फास्ट पेमेंट सिस्टम भी एजेंडे में

बैठक में सीमा पार भुगतान और डिजिटल करेंसी को लेकर भी अहम चर्चा होगी। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा पहले ही BRICS देशों के फास्ट पेमेंट सिस्टम और केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी यानी CBDC को आपस में जोड़ने की संभावनाओं पर बात कर चुके हैं।

इसका उद्देश्य BRICS देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय भुगतान को तेज, आसान और कम लागत वाला बनाना है। इसके साथ ही स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने और रुपये के अंतरराष्ट्रीय इस्तेमाल को मजबूत करने के प्रयासों पर भी चर्चा हो सकती है।

ईरान का प्रतिनिधिमंडल भी जयपुर पहुंचा

BRICS बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जयपुर पहुंचा। इसमें ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर डॉ. अब्दुल नासिर हिम्मती शामिल हैं।

जयपुर पहुंचने पर ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फत्ताली और डिप्टी एम्बेसडर मोहम्मद जावेद हुसैनी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

प्रतिनिधियों के लिए कई कार्यक्रम

बैठक के दौरान सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा प्रतिनिधियों का सामूहिक फोटो सेशन और लंच भी रखा गया है।

जयपुर में हो रही यह बैठक ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था व्यापार तनाव, महंगाई, निवेश और अंतरराष्ट्रीय भुगतान व्यवस्था में बदलाव जैसी चुनौतियों से गुजर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here