राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। कोटा, बारां और झालावाड़ में अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
8 और 9 जुलाई सबसे ज्यादा असर
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 8 और 9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। हालांकि 10 जुलाई के बाद भारी बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर, उदयपुर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
जयपुर में तीन दिन तक बारिश के आसार
राजधानी जयपुर में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने जयपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
- अजमेर में सबसे अधिक 16.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
- कोटा में 1.2 मिमी बारिश हुई, लेकिन उमस बनी रही।
- उदयपुर में हल्की बारिश के बीच तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा।
- अलवर में झमाझम बारिश के बाद तापमान करीब 5 डिग्री गिर गया।
- जयपुर में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और बिजली गिरने की आशंका वाले खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।