प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस के नीस पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य और भावनात्मक स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक प्रवासी भारतीयों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने तिरंगा लहराया और “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा।
इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से मुलाकात की, उन्हें दुलारा और भारतीय महिलाओं ने पारंपरिक सम्मान के रूप में उनका हाथ माथे से लगाया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फ्रांस दौरे का बड़ा एजेंडा
पीएम मोदी की यह यात्रा भारत-फ्रांस द्विपक्षीय और बहुपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से है। वे नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
आज पीएम मोदी की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में रक्षा, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और वैश्विक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
“भारत इनोवेट्स” कार्यक्रम पर फोकस
इस दौरे में “India Innovates” कार्यक्रम भी खास आकर्षण रहेगा, जिसमें भारत और फ्रांस के स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और निवेशक एक मंच पर आएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2026 को भारत और फ्रांस “Year of Innovation” के रूप में मनाएंगे।
सांस्कृतिक स्वागत ने जीता दिल
नीस में पीएम मोदी का स्वागत “परंपरा की गूंज, नवाचार की भावना” थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया गया। इसमें कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम का शानदार संगम देखने को मिला।