पटना। पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बार फिर बर्ड हिट की घटना सामने आई। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से लैंडिंग से पहले पक्षी टकरा गया। विमान सुबह 7:43 बजे सुरक्षित पटना एयरपोर्ट पर उतर गया। जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, हालांकि इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
एहतियातन लागू किया गया इमरजेंसी प्रोटोकॉल
पायलट ने रनवे के पास पहुंचते समय विमान के दाहिने टरबाइन के पास पक्षी से टकराने की आशंका की जानकारी ATC को दी। इसके बाद एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू किया गया और फायर सर्विस समेत अन्य संबंधित टीमों को तैनात कर दिया गया।
लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच की गई। जरूरी जांच पूरी होने के बाद विमान को वापस दिल्ली जाने की अनुमति दे दी गई।
वापसी की फ्लाइट 79 मिनट लेट
दिल्ली जाने वाली AI 1852 फ्लाइट में 160 यात्री सवार थे। इसे सुबह 8:45 बजे रवाना होना था, लेकिन बर्ड हिट के बाद हुई जांच के कारण फ्लाइट 10:09 बजे रवाना हुई, यानी करीब 79 मिनट की देरी हुई।
17 अगस्त को भी हुआ था Bird Hit
पटना एयरपोर्ट पर सिर्फ एक सप्ताह में यह दूसरी बर्ड हिट की घटना है। इससे पहले 17 अगस्त को दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकराया था। उस घटना में विमान को नुकसान पहुंचा था और करीब दो दिनों तक उसकी उड़ान पर रोक लगानी पड़ी थी। मरम्मत के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम भी बुलानी पड़ी थी।