नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर बुधवार सुबह आई अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड ने भारी तबाही मचा दी। हादसे में नेपाल में 175 और तिब्बत में 3 लोगों की मौत की खबर है। करीब 1,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक, नेपाल में 826 लोग लापता हैं, जिनमें 300 से ज्यादा भारतीय नागरिक शामिल हैं। खराब मौसम और कई जगह रास्ते टूटने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं।
आज 21 भारतीयों का रेस्क्यू
नेपाली सेना ने गुरुवार सुबह रसुवा के टिमुरे इलाके से 116 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 95 नेपाली और 21 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
रेस्क्यू टीमों की ओर से प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने और लापता लोगों की तलाश का अभियान जारी है।
तिब्बत में भी बड़ी संख्या में लोग लापता
चीन की सरकारी वेबसाइट CCTV के मुताबिक, तिब्बत में 550 से ज्यादा लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है। लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण कई इलाकों में संपर्क प्रभावित हुआ है।
खराब मौसम की वजह से राहत और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की तलाश कर रही हैं।