मुंबई लोकल मर्डर केस
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मां का दर्द
बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए कहा, “मेरे बच्चे ने कुछ नहीं खाया था… वह भूखा है।” मां का कहना है कि मयंक कभी किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था।
बहन ने मांगी फांसी
मयंक की बहन ने आरोपी के लिए फांसी की मांग करते हुए कहा कि अगर उसे सख्त सजा नहीं मिली तो भविष्य में कोई और परिवार भी ऐसा दर्द झेलेगा।
पिता ने उठाए सवाल
मयंक के पिता रमेश लोहार ने घटना का वीडियो देखकर हैरानी जताई और कहा कि आखिर आरोपी को इतनी हिम्मत कैसे मिली कि वह खुलेआम चाकू लेकर घूम रहा था। उन्होंने भी आरोपी को फांसी देने की मांग की।
कैसे हुआ विवाद?
पुलिस के अनुसार, चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल में तेज बारिश के दौरान दरवाजा खुला रखने और बंद करने को लेकर दो यात्रियों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मयंक पर चाकू से हमला कर दिया।