कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे और हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग और घने धुएं की वजह से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मृतकों में 2 महिलाएं और 4 साल का बच्चा
पुलिस के मुताबिक मृतकों में 2 महिलाएं और 4 साल का एक बच्चा भी शामिल है। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों में भारतीयों के साथ कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।
धुआं पूरी बिल्डिंग में फैलने के कारण लोगों का दम घुटने लगा। ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने में दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घना धुआं होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत के अंदर काफी गर्मी होने के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद होगी।
मंत्री ने इमारत के अंदर की व्यवस्था को बेहद खराब बताया। उनके अनुसार बिल्डिंग में कई होटल चल रहे थे और बुनियादी सुरक्षा व निर्माण नियमों के पालन में गंभीर खामियां सामने आई हैं।
बिल्डिंग मालिक फरार, केस दर्ज करने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जांच में आग लगने की वजह के साथ-साथ होटल संचालन और बिल्डिंग में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जाएगी।
दो दिन पहले बीरभूम में भी होटल में आग
पश्चिम बंगाल में यह आग की दूसरी बड़ी घटना है। 17 अगस्त को बीरभूम के तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हुई थी और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस मामले में भी शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया था।