राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। मंगलवार शाम तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) में भर्ती कराया गया। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें ICU में रखा गया है।
अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उनके स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं और शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने फोन पर जाना हाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किरोड़ी लाल मीणा से फोन पर बात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इससे पहले उनके भाई जगमोहन मीणा से भी स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली थी।
सीएम ने SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी को मीणा को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया के जरिए किरोड़ी लाल मीणा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जिस दिन समीक्षा हुई, उसी दिन सामने आया संक्रमण
किरोड़ी लाल मीणा को स्वाइन फ्लू होने की जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब मंगलवार को ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मौसमी बीमारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
बैठक में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस और स्वाइन फ्लू समेत कई बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की गई।
हाई रिस्क इलाकों में निगरानी के निर्देश
चिकित्सा मंत्री ने अधिकारियों को हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए टीम बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
उन्होंने स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध रखने के साथ जरूरी दवाओं और मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों पर फोकस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बारिश के दौरान बढ़ने वाली बीमारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों से संभागवार फीडबैक लिया गया और चिकित्सा संस्थानों में जांच, दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
फिलहाल किरोड़ी लाल मीणा का SMS अस्पताल के ICU में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।