Home आज की ख़ास ख़बर खाटूश्यामजी से गायब 20 महीने का बच्चा हरियाणा में मिला: 500 CCTV फुटेज से मिला सुराग, निःसंतान महिला गिरफ्तार

खाटूश्यामजी से गायब 20 महीने का बच्चा हरियाणा में मिला: 500 CCTV फुटेज से मिला सुराग, निःसंतान महिला गिरफ्तार

0
खाटूश्यामजी से गायब 20 महीने का बच्चा हरियाणा में मिला: 500 CCTV फुटेज से मिला सुराग, निःसंतान महिला गिरफ्तार

सीकर के खाटूश्यामजी में 15 अगस्त को परिवार से बिछड़े 20 महीने के बच्चे को पुलिस ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में बिहार की रहने वाली 30 वर्षीय महिला पिंकी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला पिछले कुछ समय से बल्लभगढ़ में किराए के मकान में रह रही थी और निःसंतान थी।

बच्चा 15 अगस्त की शाम खाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र में परिवार से अलग हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने 16 अगस्त को थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।

100 पुलिसकर्मी और 6 टीमों ने शुरू किया ऑपरेशन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 100 जवानों की 6 टीमें बनाईं। टीमों ने खाटूश्यामजी से लेकर हरियाणा तक बच्चे की तलाश की। इस दौरान होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, दुकानों और रास्तों पर लगे 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई।

जांच के दौरान एक फुटेज पुलिस के हाथ लगी, जिसमें एक महिला बच्चे को उंगली पकड़कर अपने साथ ले जाती नजर आई। इसके बाद पुलिस ने महिला के आने-जाने के संभावित रास्तों को ट्रेस किया और जांच हरियाणा के बल्लभगढ़ तक पहुंची।

श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच महिला को तलाशना चुनौती

खाटूश्यामजी में धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चे को अपने साथ ले जाने वाली महिला की पहचान करना पुलिस के लिए आसान नहीं था।

पुलिस ने आसपास के होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड की भी जांच की। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों को जोड़ते हुए टीम महिला तक पहुंची और बच्चे को बरामद कर लिया।

महिला से पूछताछ जारी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला के निःसंतान होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि करीब चार साल से उसके कोई बच्चा नहीं था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को अगवा करने के पीछे उसकी असल वजह क्या थी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

फिलहाल बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here