झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन आज उग्र हो गया। हजारों छात्र पुराने विधानसभा के पास से मार्च करते हुए नए विधानसभा की ओर बढ़े। छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाए गए कई बैरिकेड पार कर लिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों की ओर से पुलिस पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकने की भी खबर है। वहीं, कई प्रदर्शनकारी कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के लिए कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है और CCTV से निगरानी की जा रही है।
कई बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े छात्र
छात्र पुराने विधानसभा से नए विधानसभा की तरफ बढ़ते हुए पुलिस द्वारा लगाए गए कई बैरिकेड पार कर गए। पुलिस ने पहले बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद वाटर कैनन चलाया गया और हालात बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो, जो कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, एंबुलेंस और स्ट्रेचर के जरिए विधानसभा मार्च में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कंटीले तारों की तकलीफ के बावजूद छात्रों की मांगों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
9 दिन से भूख हड़ताल पर देवेंद्र महतो
JPSC-JSSC मामले में देवेंद्र नाथ महतो समेत 6 छात्र भूख हड़ताल पर हैं। छात्रों की मांग है कि विवादित भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया जाए और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
छात्र 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।
JPSC के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार
इधर, मामले में CID ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को गिरफ्तार किया है। 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से CID उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी।
भाजपा नेताओं ने भी किया प्रदर्शन
छात्रों के विधानसभा घेराव के बीच भाजपा नेता भी उनके समर्थन में मैदान में उतर आए। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना दिया। पुलिस ने बाद में उन्हें वहां से हटा दिया।
हिरासत में लिए गए नेताओं में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और कई विधायक शामिल बताए गए हैं।
विधानसभा के आसपास कड़ी सुरक्षा
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई स्तर की बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात है।
JPSC-JSSC Reform मंच ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। फिलहाल छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर से दूर रखने की कोशिश कर रहा है।