Home आज की ख़ास ख़बर इमरान खान से बहन और पत्नी ने की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अडियाला जेल पहुंचीं

इमरान खान से बहन और पत्नी ने की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अडियाला जेल पहुंचीं

0
इमरान खान से बहन और पत्नी ने की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अडियाला जेल पहुंचीं

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनकी बहन नोरीन नियाजी और पत्नी बुशरा बीबी ने अडियाला जेल में मुलाकात की। यह मुलाकात सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद हुई, जिसमें इमरान के परिवार को उनसे नियमित मुलाकात की अनुमति देने के निर्देश दिए गए थे। नोरीन करीब 9 महीने बाद अपने भाई से मिलीं।

नोरीन ने 15 मिनट की मुलाकात में सेहत का हाल पूछा

नोरीन ने करीब 15 मिनट तक इमरान से बातचीत की। उन्होंने उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली और सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बारे में भी बताया, जिसमें इमरान को इलाज और मेडिकल जांच के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया गया है।

इसके बाद इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की करीब 30 से 35 मिनट तक मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद नोरीन ने इमरान से मिलने की पुष्टि की, लेकिन कोर्ट के निर्देशों के तहत मीडिया से कोई बातचीत नहीं की।

तीन बहनों में सिर्फ नोरीन को मिली मुलाकात की अनुमति

नोरीन अपनी बहनों अलीमा खान और उजमा खान के साथ अडियाला जेल के रास्ते में डहगल चेकपॉइंट पहुंची थीं। पुलिस ने तीनों को रोक दिया। बाद में सिर्फ नोरीन को जेल के अंदर जाकर इमरान से मिलने की अनुमति दी गई।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- परिवार से मिलना मौलिक अधिकार

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को आदेश दिया था कि इमरान खान को उनके परिवार से हर सप्ताह मुलाकात की सुविधा दी जाए। अदालत ने कहा कि परिवार से मिलना किसी तरह की रियायत नहीं बल्कि उनका मौलिक अधिकार है।

कोर्ट ने पिछले तीन साल में इमरान और उनकी बहनों के बीच हुई मुलाकातों का रिकॉर्ड भी मांगा है। इसके साथ ही उनके बेटों से हुई बातचीत और फोन कॉल की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

इमरान को अस्पताल भेजने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को इलाज और मेडिकल जांच के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल भेजने का भी आदेश दिया है। अदालत ने उनके इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने को कहा है। इसमें उनके निजी डॉक्टर के साथ उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाएगा।

अडियाला जेल की मेडिकल रिपोर्ट में इमरान के ब्लड प्रेशर और तनाव को लेकर चिंता जताई गई थी।

पाकिस्तान सरकार करेगी आदेश को चुनौती

पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के अस्पताल भेजने वाले आदेश को चुनौती देने का फैसला किया है। कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने कहा कि सरकार रिव्यू पिटीशन दाखिल करेगी।

सरकार का तर्क है कि अगर इमरान को जेल से बाहर निजी अस्पताल में इलाज की सुविधा दी जाती है तो दूसरे गंभीर रूप से बीमार कैदियों के लिए भी यही व्यवस्था लागू करनी होगी। सरकार के मुताबिक आम तौर पर कैदियों का इलाज सरकारी अस्पतालों और निर्धारित सरकारी व्यवस्था के तहत किया जाता है।

अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें सबसे पहले तोशाखाना मामले में तीन साल की सजा के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सिफर, अल-कादिर ट्रस्ट और इद्दत निकाह समेत कई मामलों में कार्रवाई हुई।

सिफर और इद्दत निकाह मामलों में उन्हें बाद में राहत मिली, जबकि तोशाखाना मामले की सजा भी रोक दी गई। हालांकि अन्य मामलों के चलते वह अभी जेल में हैं।

इमरान खान और उनकी पार्टी PTI इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताती है। उनका आरोप है कि 2022 में प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद उन्हें राजनीति और चुनाव से दूर रखने के लिए मामले दर्ज किए गए। वहीं पाकिस्तान सरकार और जांच एजेंसियां इन आरोपों को खारिज करते हुए मामलों को कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here