भरतपुर: भरतपुर नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड-41 में एक रोचक मामला सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा डोर-टू-डोर प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निजी आवास पर वोट मांगने पहुंच गईं। मुख्यमंत्री का निजी मकान इसी वार्ड की सीमा में आता है।
बबीता शर्मा ने घर पर मौजूद मुख्यमंत्री के पिता किशन स्वरूप शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की और कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इस पर किशन स्वरूप शर्मा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया- ‘मैं तो भाजपा का हूं।’ उनका यह जवाब अब चुनावी चर्चा का विषय बना हुआ है।
6 सितंबर को भी पहुंची थीं कांग्रेस प्रत्याशी
बबीता शर्मा के मुताबिक, यह पहली बार नहीं था जब वह मुख्यमंत्री के आवास पर प्रचार करने पहुंची थीं। इससे पहले 6 सितंबर को भी वह वोट मांगने के लिए वहां गई थीं, लेकिन उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था।
मंगलवार को वह दोबारा मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मिलने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिली।
‘हर मतदाता के घर जाना अधिकार’
कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता के घर जाकर वोट मांगना प्रत्याशी का अधिकार है। उनके मुताबिक, मतदाता कोई भी हो, प्रचार के दौरान उसके दरवाजे तक जाना जरूरी है।
हालांकि मुख्यमंत्री के पिता से मुलाकात के दौरान उन्हें कांग्रेस के पक्ष में वोट का समर्थन नहीं मिला। किशन स्वरूप शर्मा ने साफ तौर पर खुद को भाजपा समर्थक बताया और कांग्रेस प्रत्याशी को जीत का आशीर्वाद नहीं दिया।
मुख्यमंत्री के घर जाकर कांग्रेस प्रत्याशी के वोट मांगने और उनके पिता के इस जवाब की चर्चा अब भरतपुर के चुनावी माहौल में खूब हो रही है।