गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद में जारी गतिरोध खत्म करने के लिए विपक्ष को चर्चा की चुनौती दी। शाह ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और आज दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि वे सदन में मौजूद रहेंगे, विपक्ष की हर बात सुनेंगे और अगले दिन दोपहर 3 बजे सभी सवालों का जवाब देंगे।
शाह ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि अब जनता तय करे कि वास्तव में कौन चर्चा से भाग रहा है।
वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शाह के बयान पर तीखा पलटवार किया। राहुल ने कहा कि विपक्ष को गृह मंत्री का लेक्चर नहीं सुनना है। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों पर गोली चलाने और कीलों वाली लाठियों से पिटाई का आदेश किसने दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 दिनों से गृह मंत्री संसद में इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रहे हैं।
विपक्ष छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और कथित गोलीबारी के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है। इसी विवाद के चलते संसद की कार्यवाही पिछले 17 दिनों से लगातार प्रभावित हो रही है।
अमित शाह ने कहा कि संसद सत्र शुरू होने के बाद से वह रोज संसद आ रहे हैं और अपने चैंबर में मौजूद रहते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों को चलने नहीं दे रहा। अब सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर टकराव और तेज होता नजर आ रहा है।