
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में करीब चार साल बाद चुनावी प्रक्रिया पूरी होने जा रही है। अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। फिलहाल RCA की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग चल रही है। बैठक समाप्त होने के बाद मतदान कराया जाएगा और करीब दो घंटे की वोटिंग के बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी सदस्य के पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल छह पदों पर 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय के बीच मुकाबला है।
वहीं भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव भी चुनाव में उम्मीदवार हैं। मोहित यादव उपाध्यक्ष और सचिव, दोनों पदों के लिए मैदान में हैं।
चुनाव से पहले धनंजय सिंह गुट के धर्मवीर सिंह शेखावत ने कार्यकारी सदस्य पद से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने सचिव के सामने कहा कि उनका नामांकन गलती से रह गया था और वह अब चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हैं।
धर्मवीर सिंह के हटने के बाद बृजकिशोर उपाध्याय गुट के अरिष्ट सिंघवी का कार्यकारी सदस्य पद पर निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
चार साल बाद हो रहा RCA का चुनाव
RCA में इससे पहले दिसंबर 2022 में चुनावी प्रक्रिया हुई थी। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। उन्होंने फरवरी 2024 में अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
अब करीब चार साल बाद RCA में चुनाव हो रहे हैं, इसलिए इन नतीजों पर क्रिकेट जगत की नजर बनी हुई है।
38 लोगों को मिला वोटिंग का अधिकार
चुनाव अधिकारी की ओर से जारी अंतिम मतदाता सूची के मुताबिक कुल 38 लोग मतदान कर सकते हैं। इनमें 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव शामिल हैं।
इसके अलावा जयपुर एडहॉक कमेटी के कन्वीनर राजेश कुमार तांबी और नागौर के कन्वीनर राजेश बिश्नोई को भी वोटिंग का अधिकार है। पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर गगन खोड़ा और पंकज सिंह भी मतदाताओं की सूची में शामिल हैं।
AGM के बाद मतदान और फिर मतगणना पूरी होने पर RCA के नए पदाधिकारियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
