प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह जेल में बंद सपा नेता आजम खान से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। ED की टीम ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में छापा मारा। सुबह करीब 7 बजे 3 गाड़ियों से पहुंची 15 अधिकारियों की टीम यूनिवर्सिटी के दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है। परिसर के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, यूनिवर्सिटी में कक्षाएं चल रही हैं।
रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में 10 ठिकानों पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक ED की कार्रवाई सिर्फ जौहर यूनिवर्सिटी तक सीमित नहीं है। रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में कुल 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
इनमें आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ट्रस्ट से संबंधित परिसरों को शामिल बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, ED प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत यह कार्रवाई कर रही है।
सरकारी ठेकों के पैसे की जांच
जांच एजेंसी को शक है कि सरकारी ठेकों से प्राप्त धनराशि को कथित तौर पर अलग-अलग माध्यमों के जरिए जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट तक पहुंचाया गया।
जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि सरकारी ठेकों से मिला पैसा किन लोगों और कंपनियों के जरिए ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी तक पहुंचा और उसका इस्तेमाल किन कार्यों में किया गया।
यूनिवर्सिटी की इमारतों को लेकर भी विवाद
जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में है। 15 जुलाई को रामपुर के तत्कालीन डीएम ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था।
प्रशासन का आरोप था कि इन इमारतों का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के कराया गया। हालांकि, मुरादाबाद कमिश्नर आन्जनेय सिंह की अदालत ने डीएम के आदेश पर रोक लगा दी थी। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
यूनिवर्सिटी में जांच जारी
ED की टीम यूनिवर्सिटी परिसर में दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। फिलहाल एजेंसी की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।