Rajasthan Weather Update: राजस्थान में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ते ही गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। सोमवार को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई।
राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन लोगों को बारिश का इंतजार ही करना पड़ा। बादलों के कारण उमस बढ़ गई और तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं कई जिलों में दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
16 जुलाई से फिर शुरू हो सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक 16 और 17 जुलाई से उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है।
हालांकि पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
जोधपुर और बीकानेर संभाग में चलेगी धूलभरी हवा
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 2 से 3 दिन तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।
कम बारिश से किसान चिंतित
राजस्थान में अब तक मानसून की बारिश औसत से कम रही है। इसका असर खरीफ फसलों की बुवाई पर भी पड़ा है। कई क्षेत्रों में कम बारिश के कारण किसान परेशान हैं और अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
बारिश के लिए ग्रामीण इलाकों में पूजा-पाठ, हवन और अन्य धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून सामान्य से कम रह सकता है।