Home आज की ख़ास ख़बर आधी रात बदला मौसम का मिजाज! राजस्थान में झमाझम बारिश, जयपुर-सीकर समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी

आधी रात बदला मौसम का मिजाज! राजस्थान में झमाझम बारिश, जयपुर-सीकर समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी

0
आधी रात बदला मौसम का मिजाज! राजस्थान में झमाझम बारिश, जयपुर-सीकर समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी
राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का असर, जयपुर और सीकर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिली।

राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक प्रदेश के कई जिलों में जोरदार प्री-मानसून बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। राजधानी जयपुर सहित सीकर, रींगस और आसपास के क्षेत्रों में बादलों ने जमकर बारिश की।

सीकर जिले में तड़के करीब 3 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो सुबह 5 बजे के बाद तेज हो गया। झमाझम बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रींगस में भी जमकर बरसे बादल

सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में भी तेज बारिश दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद मौसम सुहावना हो गया। किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है। बाजरा, ग्वार, मूंग और मूंगफली जैसी खरीफ फसलों के लिए यह प्री-मानसून बारिश काफी फायदेमंद मानी जा रही है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को फलोदी में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि श्रीगंगानगर में 40.3, बाड़मेर में 39.8, चूरू में 39.7 और जैसलमेर में 39.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

वहीं वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो भीलवाड़ा में 16.4 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 10 मिमी और कोटा में 8.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। उदयपुर, भरतपुर और जयपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

19 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 19 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here