देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 7 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है और कई इलाकों में हीटवेव का असर जारी रहेगा। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने वाली हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 47.6°C तक पहुंच गया। वहीं पंजाब के बठिंडा में 47°C, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ और पिलानी में 46.2°C, हरियाणा के सिरसा में 46.2°C और महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर अगले कई दिनों तक बना रह सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हीटवेव की स्थिति गंभीर हो सकती है। कई शहरों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।
राजस्थान में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक माने जा रहे हैं। राज्य के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
दूसरी तरफ देश के कुछ हिस्सों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने कई साल पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। खजुराहो में तापमान 46.8°C तक पहुंच गया, जो पिछले कई वर्षों में सबसे ज्यादा माना जा रहा है। प्रदेश के कई शहरों में पहली बार इस सीजन में तापमान 44°C के पार पहुंचा।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है।