
जयपुर। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं की ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में नीरू ढांडा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स के इस इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं।
26 वर्षीय नीरू ने फाइनल में शानदार सटीकता दिखाते हुए 30 में से 28 निशाने सही लगाए और प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। चीन की सन यूनोंग 26 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि कुवैत की हाजर अब्दुलमलिक ने 21 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
भारतीय महिला टीम ने भी जीता सिल्वर
महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में भी भारत ने पदक अपने नाम किया। नीरू ढांडा के साथ आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने कुल 328 अंक हासिल करते हुए सिल्वर मेडल जीता।
टीम इवेंट में चीन 346 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा करने में सफल रहा। कुवैत की टीम ने 325 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
भारत के पदकों की संख्या 47 पहुंची
नीरू ढांडा के गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है। भारत के खाते में अब 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
शूटिंग में भी भारत का प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है। नीरू का गोल्ड इस खेल में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है। निशानेबाजी से भारत को अब तक कुल 14 पदक मिल चुके हैं, जिनमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
नीरू ढांडा की इस उपलब्धि से भारतीय शूटिंग टीम को एक और बड़ी कामयाबी मिली है और एशियन गेम्स में भारत के पदक अभियान को भी मजबूती मिली है।
