केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Rapido चलाने वाली कंपनी Roppen Transportation Services Pvt. Ltd. पर ₹10 लाख का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई भ्रामक विज्ञापन, अनुचित व्यापार प्रथाओं, अनुचित कॉन्ट्रैक्ट और राइड बुकिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए कथित ‘डार्क पैटर्न’ को लेकर की गई है।
ज्यादा पैसे देने पर राइड मिलने का संकेत
CCPA की जांच में पाया गया कि Rapido ऐप पर राइड बुक करने के दौरान कुछ ऐसे प्रॉम्प्ट दिखाई देते थे, जिनसे यूजर को यह संकेत मिल सकता था कि ज्यादा पैसे देने पर राइड मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
जांच में “Higher the price, higher the chance of getting a ride” और “Captains aren’t accepting at ₹60. Try adding +10, +20, +30” जैसे प्रॉम्प्ट सामने आए। CCPA के मुताबिक, ऐसे संदेश उस समय दिखाए जाते थे जब यूजर राइड कन्फर्म होने का इंतजार कर रहा होता था।
‘Confirm Shaming’ को लेकर आपत्ति
CCPA ने इन प्रॉम्प्ट्स को 2023 की डार्क पैटर्न गाइडलाइंस के तहत ‘Confirm Shaming’ माना। प्राधिकरण के अनुसार, इस तरह के डिजाइन या संदेश यूजर पर मानसिक दबाव डालकर उसे अपनी पसंद बदलने की ओर प्रेरित कर सकते हैं।
‘Set your price’ फीचर भी जांच के घेरे में
CCPA ने Rapido के ‘Set your price’ फीचर की भी जांच की। प्राधिकरण के मुताबिक, कीमत बढ़ाने पर ऐप में “higher chance of getting a ride” को हरे रंग में दिखाया जाता था, जबकि कीमत कम करने पर लाल या नारंगी चेतावनी दिखाई देती थी। स्लाइडर में कीमत बढ़ाने की गुंजाइश भी घटाने की तुलना में ज्यादा थी।
CCPA ने इसे ‘Interface Interference’ नाम के डार्क पैटर्न के तौर पर माना, क्योंकि इंटरफेस का डिजाइन यूजर को ज्यादा भुगतान की ओर ले जा सकता था।
Rapido ने क्या सफाई दी?
Rapido ने CCPA के सामने कहा कि टिप देना पूरी तरह स्वैच्छिक है और अतिरिक्त भुगतान करने या नहीं करने से राइड-मैचिंग एल्गोरिदम प्रभावित नहीं होता। कंपनी ने इन प्रॉम्प्ट्स को राइडर और ड्राइवर के बीच वास्तविक समय की बातचीत से भी जोड़ा।
हालांकि, CCPA ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। प्राधिकरण ने कहा कि कंपनी यह साबित करने के लिए पर्याप्त डेटा पेश नहीं कर सकी कि अतिरिक्त भुगतान करने से वास्तव में राइड मिलने की संभावना बढ़ती है।
बुकिंग से पहले टिप पर भी सवाल
CCPA ने यह भी कहा कि बुकिंग के समय अतिरिक्त राशि को ‘टिप’ के रूप में दिखाना उचित नहीं है। प्राधिकरण के अनुसार, राइड शुरू होने से पहले भुगतान के लिए दबाव बनाना सामान्य स्वैच्छिक टिप की प्रकृति से अलग है।
कंपनी को प्रॉम्प्ट हटाने का निर्देश
₹10 लाख के जुर्माने के साथ CCPA ने Rapido को ऐसे प्रॉम्प्ट और इंटरफेस डिजाइन बंद करने का निर्देश दिया है, जो ग्राहकों को ज्यादा भुगतान करने की ओर प्रेरित करते हैं। कंपनी को उपभोक्ता संरक्षण कानून, 2023 की डार्क पैटर्न गाइडलाइंस और संबंधित ई-कॉमर्स नियमों का पालन करने को कहा गया है। साथ ही, CCPA ने कंपनी से अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी है।
CCPA की यह कार्रवाई कैब और बाइक-टैक्सी एग्रीगेटर्स की एडवांस टिपिंग और डायनेमिक प्राइसिंग से जुड़ी व्यापक जांच के बाद हुई है।