वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में पीएम मोदी दो छोटी बच्चियों के साथ नजर आ रहे हैं। एक बच्ची के हाथ में तिरंगा है, जबकि दूसरी के हाथ में ड्रम है। पीएम मोदी बच्चियों से बातचीत करते हुए उन्हें ड्रम बजाने के लिए भी कहते नजर आए।
पीएम मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए दोनों बच्चियों को अपना ‘युवा दोस्त’ बताया। वीडियो में प्रधानमंत्री सफेद कुर्ता-पायजामा और गले में गमछा पहने नजर आ रहे हैं। उनके पीछे कई महिलाएं भगवा रंग के झंडे लिए खड़ी दिखाई देती हैं।
वडोदरा में Gen-Z से किया संवाद
पीएम मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 6 हजार युवाओं के साथ Gen-Z संवाद किया। कार्यक्रम के लिए खास तौर पर Y आकार का रैंप तैयार किया गया था। भाषण से पहले प्रधानमंत्री इसी रैंप पर चलते हुए युवाओं के बीच पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने पीएम मोदी को उनकी तस्वीर भी भेंट की। प्रधानमंत्री ने युवाओं से बातचीत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया।
‘विकसित भारत की यात्रा को गति देने आया हूं’
वडोदरा में संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को गति देने आए हैं। उन्होंने युवाओं से देश के विकास और आत्मनिर्भरता में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का भी जिक्र किया।
‘भारत मैन्युफैक्चरिंग की नई कहानी लिख रहा’
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब मैन्युफैक्चरिंग की एक नई कहानी लिख रहा है, जिसमें चिप्स से लेकर शिप्स तक सब कुछ शामिल है। उन्होंने कहा कि देश में कंपोनेंट्स से लेकर फाइनल प्रोडक्ट्स तक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने आत्मनिर्भरता के लिए पूरी सप्लाई चेन भारत में तैयार करने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में फोटोवोल्टिक मॉड्यूल का उत्पादन बढ़ा है और भारत ने 200 गीगावाट से अधिक क्षमता विकसित कर ली है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, इसी आत्मनिर्भरता ने PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसे कार्यक्रमों का रास्ता तैयार किया है।
वडोदरा कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी अपने गुजरात-महाराष्ट्र दौरे के अगले पड़ाव मुंबई पहुंचे, जहां उनके अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित थे।