पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक सरकारी अस्पताल में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी PIMS अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई।
अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे मौजूद थे। इनमें से सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका।
AC कंप्रेसर में विस्फोट के बाद लगी आग
रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, नर्सरी के अंदर लगे एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद आग तेजी से वार्ड में फैल गई।
आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल अस्पताल पहुंचे। टीमों ने आग पर काबू पाने के साथ ही नर्सरी में मौजूद बच्चों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।
अधिकारियों के मुताबिक, 16 में से केवल एक नवजात को बचाया जा सका, जबकि 15 बच्चों की मौत हो गई।
आग पर पाया गया काबू
रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि आग को अब नियंत्रित कर लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में AC कंप्रेसर में विस्फोट को आग लगने की वजह बताया गया है।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।