जयपुर में SI भर्ती-2025 के फिजिकल टेस्ट के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लिखित परीक्षा में असफल होने के बावजूद एक महिला अभ्यर्थी फर्जी एडमिट कार्ड तैयार कर फिजिकल टेस्ट देने पहुंच गई। दस्तावेज सत्यापन के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
मामला चित्रकूट स्टेडियम का है, जहां शुक्रवार सुबह SI भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट चल रहा था। इसी दौरान दस्तावेज जांच में 27 वर्षीय मोहिता, निवासी उत्तर प्रदेश, के एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर संदिग्ध मिला।
एडमिट कार्ड में पुरुष अभ्यर्थी का रोल नंबर
जांच में सामने आया कि मोहिता के एडमिट कार्ड पर जो रोल नंबर था, वह एक पुरुष अभ्यर्थी का था। पुलिस ने जब भर्ती परीक्षा के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि उस रोल नंबर वाले अभ्यर्थी का फिजिकल टेस्ट 5 अगस्त को उदयपुर में पहले ही हो चुका था।
इसके बाद पुलिस ने मोहिता के दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि वह खुद SI भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में पास नहीं हुई थी।
साइबर कैफे से हासिल की चयनित अभ्यर्थियों की लिस्ट
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मोहिता ने एक साइबर कैफे से चयनित अभ्यर्थियों की सूची हासिल की थी। इसके बाद उसने उसमें से एक रोल नंबर लिया और उसमें बदलाव कर फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया।
इसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर वह फिजिकल टेस्ट देने के लिए चित्रकूट स्टेडियम पहुंची थी।
परिवार को भी बताया था कि परीक्षा पास हो गई
जांच में यह भी सामने आया कि मोहिता जयपुर के चित्रकूट नगर में रहकर SI भर्ती की तैयारी कर रही थी। लिखित परीक्षा में फेल होने के बावजूद उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी थी।
वह घरवालों और रिश्तेदारों को खुद के परीक्षा में सफल होने की बात बताती रही। किसी को शक न हो, इसलिए वह नियमित रूप से चित्रकूट स्टेडियम में दौड़ लगाने भी जाती थी।
चाचा छोड़ने आए थे परीक्षा केंद्र
मोहिता फर्जी एडमिट कार्ड लेकर फिजिकल देने पहुंची तो उसके चाचा भी उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने आए थे। दस्तावेज सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
DCP वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर भर्ती परीक्षाओं में दस्तावेज सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत सामने ला दी है।